अल्मोड़ा- नगर के लाला बाज़ार, नंदा देवी, उप्रेती खोला, बिष्टाकूड़ा, गोपालधारा, चीनाखान, धारानौला एवं आसपास के क्षेत्रों में तेंदुओं की बढ़ती गतिविधियों से नगरवासी लगातार दहशत में हैं। कल रात्रि उप्रेती खोला में दो तेंदुए एक साथ दिखे हैं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो इस प्रेस नोट के साथ ही प्रेस को भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उप्रेती खोला मोहल्ला नंदा देवी मंदिर से मात्र 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। दो दिन पूर्व उप्रेती खोला क्षेत्र में तेंदुए ने एक कुत्ते का भी शिकार किया है, जिससे लोगों में और अधिक भय का माहौल बना हुआ है। इस घटना से नागरिकों में डर और गहरा गया है। विशेषकर शाम होते ही लोग घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं, जिससे सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
महानगर कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के अध्यक्ष श्री तारा चंद्र जोशी ने कहा कि तेंदुओं की आमद से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। नगर क्षेत्र में वन्यजीव की इस प्रकार की सक्रियता अत्यंत चिंताजनक है और वन विभाग को तत्काल प्रभाव से ठोस कदम उठाने होंगे।
उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा सांस्कृतिक नगरी है और नवरात्रि पर्व नजदीक होने के कारण नगर में जगह-जगह रामलीला की तालीम, माँ दुर्गा की प्रतिमाओं का निर्माण तथा रावण परिवार के पुतलों के निर्माण की तैयारी चल रही है। इन गतिविधियों के कारण स्थानीय कलाकार एवं युवा रात्रि देर तक अपने घर लौटते हैं, जिससे उनकी सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
श्री जोशी ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर लगातार इन क्षेत्रों से तेंदुओं को देखे जाने की वीडियो वायरल हो रही हैं, लेकिन वन विभाग अभी भी नींद से जागता नजर नहीं आ रहा है। वन विभाग कुंभकरणीय नींद में सोया हुआ है और नागरिकों की सुरक्षा से जैसे उसे कोई सरोकार ही नहीं है। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो का संज्ञान न तो वन विभाग ले रहा है और न ही जिला प्रशासन। ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो दोनों विभाग किसी अप्रिय घटना का इंतजार कर रहे हों।
उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि वन विभाग को स्थानीय नागरिकों एवं क्षेत्र के पार्षदों से तत्काल संपर्क करना चाहिए, पिंजड़े लगाने का कार्य तुरंत शुरू करना चाहिए तथा नगर में नियमित गश्त सुनिश्चित करनी चाहिए। साथ ही नगर एवं आसपास के सभी इलाक़ों में झाड़ियाँ भी काटी जानी चाहिए तथा स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तत्काल करवाई जाए।
श्री जोशी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर वन विभाग द्वारा कार्यवाही नहीं की गई तो सोमवार, 15 सितम्बर को कांग्रेसजन वन विभाग के अधिकारियों का घेराव करेंगे और विभाग में तालाबंदी की जाएगी।
यदि तेंदुए द्वारा किसी पर भी हमला किया गया तो इसका पूर्ण उत्तरदायित्व वन विभाग और जिला प्रशासन पर होगा।
— तारा चंद्र जोशी
अध्यक्ष, महानगर कांग्रेस कमेटी
अल्मोड़ा
अल्मोड़ा नगर में तेंदुओं की दहशत, वन विभाग शीघ्र कार्रवाई करे – तारा चंद्र जोशी
Leave a comment
Leave a comment

