घटना को अंजाम देकर आरोपी था फरार, पैसो की तंगी खींच लाई अल्मोड़ा
कोतवाली सोमेश्वर व एसओजी की संयुक्त टीम ने करबला तिराहे अल्मोड़ा से आरोपी को धर दबोचा
अल्मोड़ा- दिनांक- 24.01.2026 को कोतवाली सोमेश्वर क्षेत्र के ग्राम रस्यारागांव में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। जिसकी शिनाख्त कुन्दन राम(दिव्यांग) के रूप में हुई। दिनांक 25.01.2026 को मृतक के भाई हरीश राम की तहरीर के आधार पर आरोपी दीपक पांडे के विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया।
मामले की गम्भीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबन्स सिंह के पर्यवेक्षण में सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह के नेतृत्व में हत्याकाण्ड के फरार आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया।
गठित पुलिस टीमों द्वारा सीसीटीवी कैमरों का गहन अवलोकन करते हुए तलाश, सुरागरसी/पतारसी कर एवं मैनुअल, सर्विलांस, टैक्निकल टीमों के समन्वय से अथक प्रयास करते हुए विगत रविवार फरार आरोपी दीपक को करबला तिराहा अल्मोड़ा से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी दीपक पाण्डे पुत्र महेश पाण्डे, निवासी ग्राम रस्यारागांव सोमेश्वर अल्मोड़ा ने बताया कि दिनांक 18.01.2026 की सांय दुकान से घर को जाते समय रास्ते में मृतक से आपसी अनबन के चलते पत्थर से मृतक के सर पर प्रहार किया तथा घटना के बाद गिरफ्तारी के डर से गाजियाबाद, गुड़गांव, दिल्ली, बनारस में छिपता रहा। पैसे समाप्त हो जाने पर अल्मोड़ा में अपने परिचितों से पैसा लेने पहुंचा हुआ था।
पुरस्कार–
एसएसपी अल्मोड़ा द्वारा मामले का खुलासा व अभियुक्त को गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम का उत्साहवर्धन के लिए 1000/- रुपये के नगद इनाम से पुरस्कृत किया गया।
आरोपी के घर से घटना के समय पहने गये खून से सने कपड़े बरामद किये गये हैं।
कोतवाली सोमेश्वर व एसओजी पुलिस टीम में मदन मोहन जोशी, प्रभारी निरीक्षक,अपर उपनिरीक्षक फिरोज खान, सर्विलांस सेल, हे.कानि. हरीश आर्या, कानि. राजेश भट्ट, एसओजी अल्मोड़ा, कानि. गोरखनाथ, कोतवाली सोमेश्वर तथा कानि. नीरज मेहरा शामिल रहे।

